कभी-कभी निर्णय लेना इतना कठिन क्यों होता है?
-डाॅ. गायत्री शर्मा
जिंदगी की परीक्षा इतनी अजीब क्यों होती है? इस बात को समझने में 40 बरस से ज्यादा बीत गए। हर बार इसी प्रश्न पर आकर सारे जवाब ठहर जाते है कि मेरे ही साथ ऐसा क्यों?, हर बार मेरी ही परीक्षा क्यों?, क्या भगवान मेरे हिस्से में खुशियां लिखना भूल गया है?....... इसका जबाव शायद यह है - जब कुछ अच्छा हुआ तो हमने हंसी-ठहाकों में उन पलों को बर्बाद कर दिया और ये सोचा कि ये क्या अच्छा है, हमें तो इससे बेहतर मिलता आया है। हम बेहतर नहीं बल्कि बेहतरीन का इंतजार करेंगे और इस इंतजार मे ंसाल-दर-साल बितते जाते है और हम बेहतर से बेहतरीन की ओर बढ़ने के स्वप्न देखने वाले अच्छे से भी हाथ धो बैठते है। जिसका तात्पर्य यह है कि समय से सही निर्णय लेने में ही समझदारी होती है। अवसर जाने पर और भविष्य के हसीन स्वप्न देखने से हम सुखद वर्तमान की खुशियों का भी आनंद नहीं ले पाते हैं।ज्यादा का इरादा -
उम्र और अनुभव के साथ हम कुछ चीजों मे तो समझौता करना सीख जाते हैं पर जब बात शादी-ब्याह की होती है, तब शायद हम दूसरों से इतनी आशाएं और अपेक्षाएं कर लेते हैं कि उनमें से 50 प्रतिशत भी हमें पूरी होती नजर नहीं आती है और हम स्पष्ट शब्दों में ‘ना‘ का जवाब दे देते हैं। दौलत के तराजू में रिश्तों को तौलना कई बार नुकसान का सौदा बन जाता है। दौलत से ऐशो-आराम मिल सकता है पर सुकून संस्कारों से मिलते है। यहीं कारण है कि आजकल कई समाज में अनावश्यक लेन-देन की बजाय कंकू-कन्या को स्वीकार कर प्रेम और रिश्तों की सुंदर परिभाषाएं गढ़ी जाती है। जो व्यक्ति किसी की बेटी को लक्ष्मी का पर्याय समझकर उसे स्वीकारता है, उसे कोई पछतावा नहीं होता है और जो ज्यादा का ईरादा करके बैठता है वो किसी की बेटी की खरीद-फरोख्त करता है और सब कुछ पाकर भी ताउम्र खाली हाथ रहता है। जल्दबाजी में की गई सौदेबाजी में फायदा कम और नुकसान की संभावनाएं अधिक रहती है।
परिपक्वता की कमी -
रिश्तों में बनती बातें तब ज्यादा बिगड़ जाती है जब समझ की परिपक्वता लड़के-लड़की दोनों में या किसी एक में कम होती है। मजाक की भी एक सीमा होती है, गंभीर बात को भी मजाक में लेकर रिश्तों की गंभीरता का मखौल उड़ाना किसी बेवकूफी से कम नहीं है। जहां निर्णय किसी की ‘हा‘ं को प्रभावित कर सकता है, तब उसकी हर बात को समझना दूसरे की भी जिम्मेदारी होती है। हर बार बचकानी हरकतें करना, मुलाकात से बचना, बातचीत से परहेज करना, हर रिश्तें को शक के तराजू से तौलना अक्सर दूसरे पक्ष के मन में पहले पक्ष के प्रति नाराजगी व कुंठा को जन्म देता है। कई बार यह कुंठा इतनी अधिक बढ़ जाती है कि व्यक्ति एक-दूसरे से नफरत करने लगता है।
प्रेम में अहसास जरूरी -
बढ़ती उम्र और बचपना दोनों जिद का दूसरा नाम है, जिसमें या तो मुझे ये अभी के अभी चाहिए या आज नहीं तो कभी नहीं चाहिए वाली बात होती है। प्रेम में जो व्यक्ति अपने असली अहसासों को जता नहीं सकता है, संभवतः वह प्रेम भी पूर्णता के साथ नहीं कर पाएगा। अहसासों को जगाकर उसे अलग-अलग रूपों में अभिव्यक्ति देने पर ही आप एक-दूसरे को बेहतर तरीके से समझ सकते है। यदि आप किसी के अहसासों का मजाक बनाते हैं तो धीरे-धीरे सामने वाला आपसे दूरिया बनाकर आपको अपने मन की बात बताने से बचने लगता है।
अभिव्यक्ति से मजबूत होती हैं रिश्तों की डोर -
कुछ लोग प्रेम तो करते हैं पर उनका प्रेम दिल के एक कोने में ही कैद होकर दुबककर खत्म भी हो जाता है क्योंकि मैं क्यों उससे कहूं, यह सोचकर वे इजहार का विचार ही त्याग देते हैं और धीरे-धीरे उनका यह प्रेम मौन और दूरियों की धुंध में सदा के लिए खो जाता है। विचारों की अभिव्यक्ति और उसके नित-नए तरीके सदा दिखावा हो, ये जरूरी नहीं होता है। जब ये अभिव्यक्ति औपचारिकता से परे दिल से की जाती है तो उससे रिश्तों की डोर ओर भी मजबूत हो जाती है। समय के साथ-साथ अभिव्यक्ति के तरीकों में भी बदलाव आया है। किसी को गुलाब देना, कार्ड देना, उसके लिए गीत गुनगुनाना और उसे प्रपोज करना उस वक्त जरूरी हो जाता है, जब दिल कहता है कि अब उसका हमारी जिंदगी में शामिल हो जाना उससे कही ज्यादा हमारी जरूरत बन गया है और अब ये जिंदगी केवल उसी के होने से खुशियों से गुलजार हो सकती है तो ऐसे में अभिव्यक्ति कर ही देना चाहिए न कि रेत पर किसी का नाम लिखकर उस लहर का इंतजार करते रहे, जो उस नाम को रेत के साथ ही हमारे जेहन से भी मिटा पाएं।अहंकार किस बात का? -
आजकल लड़के-लड़कियों में अहंकार या ईगो इतना अधिक बढ़ गया है कि दौलत, रूप-रंग, शिक्षा और अपने लुक्स के चलते वे एक-दूसरे को कमतर दिखाने की होड़ में रिश्ते में बंधने से गुरेज करने लगते हैं। मैं क्यों किसी को मैसेज या काॅल करूं, मैं क्यों किसी से मिलने जाउं, मैं तो रईस हूं उसके घर ज़मीन पर क्यों बैठू?, मेरे दोस्त मेरे लिए उससे ज्यादा जरूरी है, उसने मेरी हर बात पर ना कहा तो मैं उससे क्यों बात करूं, पहले उसका ‘हां‘ का जवाब आएगा वर्ना उम्रभर मैं क्यों उसकी सुनूंगा, मैं अपनी कमाई में उसे कोई हिस्सा नहीं दूंगा यहां तक कि पाॅकेटमनी भी नहीं, मैं उसके परिवारवालों से क्यों मिलूं, उसके कितने दिवाने होंगे फिर मैं क्यों उस लिस्ट में अपना नाम लिखवाउं, वो दिनरात भगवान का नाम लेती है, कहीं वो मेरा त्याग तो नहीं कर देगी?.............. ऐसे अनगिनत सवाल-जवाब कहीं न कहीं हमारे मैं को किसी की ‘हां‘ से बहुत दूर ले जाते हैं, जहां से दोबारा लौटकर आने की भी सारी उम्मीदें खत्म हो जाती है।निष्कर्ष रूप में कहा जाएं तो अर्धागिंनी का अर्थ आधे अंग की स्वामिनी के साथ अहसासों, स्वप्न, खुशियों, दुख और पुरूष के हर निर्णय में अपने विचार रखने वाली महिला से होता है। जो उस पुरूष के हर निर्णय को पलटने की और उसमें शामिल होने की व अपने विचार व्यक्त करने की आजादी रखती है। जीवन में अर्धांगिनी के आने से पुरूष का वजूद खत्म नहीं होता है बल्कि एक नए रूप में मजबूती से निखरकर सामने आता है।
अहसास रिश्तों की जान है। समय, अहसासों की अभिव्यक्ति और इंसान की कद्र यदि किसी रिश्ते में हो तभी वह रिश्ता मजबूती से लंबे समय तक टिका रह सकता है। प्रेम और विश्वास जिस रिश्ते में हो, वह रिश्ता हर कसौटी पर खरा उतर पाता है लेकिन जिस रिश्तें में अड़ियलपन, जिद और नासमझी हो, ऐसे रिश्ते दिखावे में तो अच्छे लगते हैं पर उनकी उम्र कम और पकड़ कमजोर होती है। किसी लड़की के सुंदर रूप को देखकर मोहित होना अलग बात है पर उसका हाथ थामकर उसे ये कहना कि - अब ये हाथ मरने पर ही छूटेगा और हमारा साथ इस एक जन्म का नहीं बल्कि 7 जन्मों तक का होगा - यह कहना बहुत मुश्किल होता है। यदि आपका दिल में किसी के लिए ऐसा अहसास होता है कि उसकों खोने पर आप अपनी जिंदगी की खुशियों को भी खो देंगे तो आपको भी अपने अहसासों का इजहार कर देना चाहिए।
चित्र साभार - गूगल



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
आपके अमूल्य सुझावों एवं विचारों का स्वागत है। कृपया अपनी प्रतिक्रियाओं से मुझे अवगत कराएँ।